महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने परिसीमन बिल का समर्थन किया है। शनिवार को उन्होंने कहा कि परिसीमन होना चाहिए और जनसंख्या वृद्धि के अनुपात में प्रतिनिधित्व भी बढ़ना चाहिए। शिंदे कांग्रेस के दिग्गज नेता हैं और लोकसभा सांसद प्रणीति शिंदे के पिता हैं।
शिंदे का यह बयान ऐसे समय आया है जब राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस परिसीमन विधेयक को रोकने के लिए पूरी ताकत से लड़ेगी और बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए परिसीमन करना चाहती है। कांग्रेस ने यह भी संकेत दिया है कि अगर विपक्षी गठबंधन के दल इस मुद्दे पर अलग रुख अपनाते हैं, तो उनके साथ राजनीतिक संबंधों पर दोबारा विचार किया जा सकता है।
इस बीच डीएमके और शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी ने परिसीमन बिल को समर्थन देने का ऐलान किया है, जबकि कांग्रेस ने इसका विरोध करने का फैसला किया है। डीएमके और एनसीपी (शरद) कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहे हैं।
सुशील कुमार शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के साथ राज्यपाल भी रह चुके हैं। वह 2002 में उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में उम्मीदवार भी थे। बिल के समर्थन में बयान देकर उन्होंने कांग्रेस को मुश्किल में डाल दिया है।
