इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने शनिवार को संसद के विशेष सत्र से पहले एक बैठक की, जिसमें उपस्थित दलों ने परिसीमन बिल के खिलाफ मिलकर विरोध करने का फैसला किया। यह बैठक राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई। केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है, जिसमें लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से और राज्यसभा की 2 दिसंबर से शुरू होगी।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल, राजद के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई नेता शामिल हुए। जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजेडी को भी बुलाया गया था, लेकिन इन दलों ने हिस्सा नहीं लिया।
कांग्रेस ने इंडिया ब्लॉक की ओर से तीन मांगें सामने रखी हैं—लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखना, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखना। विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं और इसे मौजूदा लोकसभा की सीटों के आधार पर तत्काल लागू किया जा सकता है। उनकी आपत्ति परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा की सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर है।
बैठक के बाद खड़गे ने मीडिया से कहा कि परिसीमन विधेयक एससी-एसटी के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस इस कदम के जरिए हमेशा सत्ता में बने रहना चाहते हैं। इधर, डीएमके ने शनिवार को चेन्नई में सांसदों की बैठक के बाद केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक को औपचारिक रूप से समर्थन देने की घोषणा की है। बैठक से पहले कपिल सिब्बल ने कहा था कि विधेयक पारित होने पर लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़कर करीब 850 हो सकती है।
