समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को संभल पहुंचे। वे यहां राज्यसभा सांसद जावेद अली के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने संसद में परिसीमन (डिलिमिटेशन) बिल फिर से लाए जाने पर बीजेपी पर हमला बोला और यूपी की योगी सरकार पर भी आरोप लगाए। हालांकि, उन्होंने संभल में हुए दंगों के मुद्दे पर कुछ नहीं कहा और इस सवाल से बचते रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि संभल जिला नया है, लेकिन शहर पुराना और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव भी यहां से सांसद रहे और यहां की जनता ने उन्हें प्यार और सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि संभल के लोग सेकुलर और लोकतांत्रिक हैं तथा भाईचारे की भावना रखते हैं। उन्होंने बीजेपी और एनडीए पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे नफरत के रास्ते पर चलते हैं।

परिसीमन के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता के दूर होने, किसानों की खाद और डीएपी से जुड़ी परेशानी, धान की कीमत न मिलने, व्यापारियों की नाराजगी और युवाओं के सामने नौकरी के संकट से बचने के लिए यह कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं रद्द होने से युवा नाराज हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के पीछे परिसीमन लाया जा रहा है और पुराने सेंसस के बजाय आज के डेटा का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं कर पा रही है और परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि पीडीए के लोग उन्हें हराएंगे और सरकार बनने पर किसान, युवा और विकास उनकी प्राथमिकता होंगे। उन्होंने लोगों से महिला आरक्षण के पक्ष में रहने और परिसीमन से लोकतंत्र को बचाने के लिए एक साथ आने की अपील की। वोटों की संख्या को लेकर मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग के बयानों पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कौन झूठ बोल रहा है और कौन सच, यह सवाल है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से जुड़े सवाल को उन्होंने टाल दिया।