मुंबई। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 800 से अधिक करने वाले परिसीमन बिल का समर्थन करने के शरद पवार के ऐलान के बाद मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने उन पर हमला बोला है। राज ठाकरे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने एक बार कहा था कि यह पवार का 'जंतर-मंतर' है, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते हैं। उन्होंने दावा किया कि यह बात उन्होंने 2 जुलाई 2023 को कही थी, जब एनसीपी का एक गुट अलग होकर बीजेपी की तरफ चला गया था।

राज ठाकरे ने लिखा कि अगले तीन सालों तक एनसीपी के दोनों गुटों ने आपस में लड़ने का ऐसा नाटक किया कि सब सच मान बैठे। उन्होंने कहा कि अब ठीक उनकी भविष्यवाणी के मुताबिक दूसरा गुट भी आगे बढ़ रहा है और सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश कर रहा है।

इस बीच चर्चा है कि बीजेपी के लिए अहम परिसीमन बिल पर शरद पवार की एनसीपी ने अपना रुख बदला है, जिसके बाद पार्टी को इसका इनाम मिल सकता है। चर्चा के मुताबिक केंद्र में सुप्रिया सुले को बड़ा मंत्रालय मिलने की उम्मीद है, जबकि महाराष्ट्र में जयंत पाटिल और जितेंद्र आव्हाड मंत्री बन सकते हैं।

चर्चा यह भी है कि सब कुछ ठीक रहा तो दोनों एनसीपी गुटों का विलय भी संभव है। यहां तक कहा जा रहा है कि शरद गुट के नेता जयंत पाटिल को महाराष्ट्र में वित्त विभाग मिल सकता है, जिसे अजित पवार के बाद देवेंद्र फडणवीस संभाल रहे हैं।