लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और समाजवादी पार्टी एक-दूसरे पर हमलावर हैं। भाजपा ने दावा किया है कि प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी।

यूपी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को याद होना चाहिए कि उनकी सरकार ने 2012 से 2017 के बीच प्रदेश को जंगलराज बना दिया था। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र एक कमिटमेंट होता है, जिसे पूरा करना होता है। उनका दावा है कि अखिलेश यादव को भी पता है कि वे सत्ता में नहीं आने वाले हैं, इसीलिए कुछ भी घोषणा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि जनता समझदार है और झूठे घोषणा पत्र पर विश्वास नहीं करती। उनके मुताबिक, 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी।

जयवीर सिंह ने कहा कि यूपी की जनता की याददाश्त बहुत मजबूत है और वह सपा के कार्यकाल के काले कारनामों को नहीं भूल सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के कार्यकाल में महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं, जबकि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में महिलाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को विकास चाहिए, जो उनकी सरकार सुनिश्चित कर रही है, और जनता तीसरी बार जनादेश देने के लिए तैयार है। उनका दावा है कि सरकार ने साढ़े नौ लाख से ज्यादा नौकरियां दी हैं।

भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यहां कभी हां, कभी ना, यही चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे शाम को घर आते समय पति बीवी से माफी मांग लेता है और अगले दिन सुबह फिर लड़कर चला जाता है, वैसे ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि अब किसने किससे माफी मांगी, यह वे नहीं कह सकते, मगर यही चल रहा है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार के अवसर मिले और करोड़ों रुपये का निवेश हुआ, जो अखिलेश यादव को दिखाई नहीं देता।

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव प्रदेश को गुमराह करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद पारदर्शिता के तहत सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और मुख्यमंत्री रोजाना नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं।