सीतापुर में कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मनमानी का आरोप लगाया। सांसद ने कहा कि पार्टी की स्थिति बेहतर हो रही थी, लेकिन इस तरह के रवैये से नुकसान हुआ है।

मीडिया से बातचीत में राठौर ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए तेजी से प्रयास कर रही थी और लोग राहुल गांधी की ओर आकर्षित हो रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अचानक कुछ अहंकारी लोग आ गए, जो बिना सलाह-मशविरा किए लगातार फैसले लेने लगे। उनके अनुसार, इन बयानों और टिप्पणियों से कांग्रेस और गठबंधन दोनों को नुकसान पहुंचा है और बीजेपी का मुकाबला करने की क्षमता कमजोर हुई है।

सांसद ने अविनाश पांडे को यूपी प्रभारी के पद से हटाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पांडे अनुभवी थे और सहजता से लोगों को जोड़ने का काम कर रहे थे। राठौर ने कहा कि उनके कार्यकाल में बनी टीम में अजय राय भी शामिल थे और पूरी टीम पार्टी को मजबूत करने में लगी थी। अचानक बदलाव के बाद अपनाए गए रवैये को उन्होंने कांग्रेस के लिए घातक बताया।

राजेंद्र पाल गौतम के कार्यकाल में पार्टी को हुए नुकसान के सवाल पर राठौर ने कहा कि नुकसान साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गठबंधन और 200 प्लस सीटों की बात हो रही थी, अब 26 सीटों की घोषणा पर बात रुक गई है। सांसद ने कहा कि रोज बयानबाजी हो रही है और कार्यकर्ताओं में उहापोह की स्थिति है, जबकि चुनाव लड़ने वालों को गठबंधन को लेकर कुछ पता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अनिर्णय की स्थिति में पूरी उत्तर प्रदेश कांग्रेस फंस गई है। इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन अभी फाइनल नहीं हो पाया है और सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव को कांग्रेस नेता सीधे तौर पर खारिज करते दिख रहे हैं।