अलीगढ़ के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए जिले में 16 जनवरी 2027 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। इस आदेश के तहत शादी समारोहों में लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
डीएम अविनाश कुमार ने यह आदेश शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किया है। आदेश के अनुसार मैरिज होम और बैंक्वेट हाल के संचालक शादी समारोहों में लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल पर रोक सुनिश्चित करेंगे और उल्लंघन होने पर पुलिस को सूचना देंगे।
आदेश में अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्टर-बैनर लगाने और सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक खबरें फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने, आपत्तिजनक नारे लगाने और पुतला दहन जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। सार्वजनिक स्थानों और भवनों की छतों पर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलें और ज्वलनशील पदार्थ जमा नहीं किए जा सकेंगे। परीक्षा केंद्रों पर हथियार और विस्फोटक सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी।
डीएम ने यह कदम 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा, 16 दिसंबर को गरीब नवाज का उर्स, 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह जयंती, 25 दिसंबर को क्रिसमस, एक जनवरी को नववर्ष और 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए उठाया है। रेलवे स्टेशन, शमशाद मार्केट, जमालपुर और मालगोदाम क्षेत्र में रात के समय पांच या अधिक लोगों के अनावश्यक जमावड़े पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
