दिल्ली के पांडव नगर से शनिवार को अगवा किए गए 8 महीने के बच्चे को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव से बरामद कर लिया है। मामले में एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे की मां ई-रिक्शा चलाती है और काम पर गई हुई थी, जबकि बच्चा केयरटेकर की देखरेख में था। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे लेकर फरार हो गया। मां की शिकायत पर मंडावली थाने में अपहरण का केस दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में केयरटेकर ने जानकारी दी कि वह सुबह करीब 11:30 बजे गणेश नगर से कुछ सामान खरीदने गई थी, जहां उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई। इसके बाद पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिनमें एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखाई दिया। ऑटो-रिक्शा चालकों से पूछताछ में आरोपी की गतिविधियों का पता अक्षरधाम की तरफ चला। जांच के दौरान पुलिस ने मिनी ट्रक के ड्राइवर ऋषिपाल (40) की पहचान की, जो मथुरा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, ऋषिपाल ने बच्चे को अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव में छत्रु नाम के व्यक्ति को सौंपा था।

पुलिस के अनुसार, छत्रु (50) पेशे से किसान है और उसकी पत्नी कुसमा (45) भी इस मामले में आरोपी है। दोनों वाजिदपुर गांव के रहने वाले हैं और छत्रु, ऋषिपाल का दूर का रिश्तेदार है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दंपती की पहले से तीन बेटियां हैं और उन्होंने करीब एक साल पहले ही बेटा पाने की योजना बनाई थी। पुलिस टीम ने पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद बच्चे को गांव से बरामद किया।

अपहरण के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, किसी भी आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस अब इस मामले में बाल तस्करी के पहलुओं की भी जांच कर रही है।