प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। रविवार को गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं के दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधन में उन्होंने यह बात कही। उनका इशारा विपक्ष की ओर था। पीएम मोदी ने कहा कि गरीबी घटाने की यह उपलब्धि उनकी सरकार की नीतियों और प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसके मुताबिक भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई और इस दौरान अनुमानित 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए।
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया, उनकी आत्मा भी यह रिपोर्ट देखकर खुश होगी। उन्होंने कहा कि हजार साल की गुलामी ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर किया था, ऐसे में 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को इसे खुले तौर पर स्वीकार करने में हिचक होती है, क्योंकि यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है। पीएम ने कहा कि सरकार की नीयत, नीति और दिशा सही थी और मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी गई।
कार्यक्रम गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर आयोजित किया गया था और पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में संबोधन सुना। पीएम मोदी ने अक्तूबर 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के 25 साल पूरे होने का जिक्र किया और कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों के योगदान को याद किया।
पीएम मोदी ने 2001 के गुजरात भूकंप को याद करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी पहली दिवाली भूकंप प्रभावित परिवारों के बीच बीती थी। उन्होंने सूखे के दिनों का भी जिक्र किया, जब भाजपा कार्यकर्ता घर-घर सुखड़ी इकट्ठा कर गरीब परिवारों तक पहुंचाते थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने दलित, आदिवासी, वंचित और गरीब परिवारों तथा महिलाओं तक बैंक खाते, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाएं पहुंचाईं।