मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अगले दो दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी जिलों में सुबह और शाम को मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। 23 नवंबर को सुबह के समय पूर्वी जिलों में घना कोहरा होने की 51 से 75 प्रतिशत तक संभावना जताई गई है। सोमवार को अयोध्या, बहराइच और सुल्तानपुर जैसे जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के आसार हैं।
राजधानी लखनऊ में मध्यम कोहरे से दृश्यता कम होने की आशंका है। शहर में दृश्यता 100-200 मीटर तक रह सकती है, जबकि नदी किनारे के क्षेत्रों में यह 50 मीटर तक भी पहुंच सकती है। रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 75 प्रतिशत से 42 प्रतिशत के बीच रही।
प्रदेश का सबसे ठंडा जिला हरदोई रहा, जहां न्यूनतम पारा 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में न्यूनतम तापमान 12.1, नजीबाबाद में 12.4, बरेली में 12.8, अयोध्या में 13.0 और कानपुर शहर में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, रात के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। सुबह और शाम की ठिठुरन भी बढ़ सकती है। विभाग ने सुबह और रात में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
