सुजुकी ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय स्कूटर 2026 एक्सेस 125 को नए कलर ऑप्शन के साथ लॉन्च किया है। कंपनी ने स्कूटर के चुनिंदा वेरिएंट्स में नए रंग शेड्स जोड़े हैं, जबकि डिजाइन, फीचर्स और इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई एक्सेस 125 के स्टैंडर्ड एडिशन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 83,086 रुपये है, जबकि टॉप राइड कनेक्ट टीएफटी एबीएस एडिशन की कीमत 1,03,780 रुपये है। नई कलर रेंज 23 नवंबर 2026 से देशभर की सुजुकी अधिकृत डीलरशिप पर उपलब्ध होगी।
स्कूटर में दो नए रंग जोड़े गए हैं। मैटेलिक रॉयल ब्रॉन्ज राइड कनेक्ट और राइड कनेक्ट एबीएस वेरिएंट्स के लिए अलग है, जबकि मैटेलिक मैट बोर्डो रेड सिर्फ टॉप राइड कनेक्ट टीएफटी एबीएस वेरिएंट के लिए है। पर्ल मैट एक्वा सिल्वर को भी राइड कनेक्ट और राइड कनेक्ट एबीएस की कलर लिस्ट में शामिल किया गया है।
वेरिएंट के हिसाब से कीमत इस प्रकार है। स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 83,086 रुपये और स्पेशल एडिशन की कीमत 89,428 रुपये है। राइड कनेक्ट एडिशन 91,627 रुपये में उपलब्ध है, जबकि राइड कनेक्ट एबीएस एडिशन की कीमत 98,432 रुपये है। टॉप राइड कनेक्ट टीएफटी एबीएस एडिशन 1,03,780 रुपये में मिलेगा। ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम, दिल्ली की हैं।
कलर अपडेट के अलावा मैकेनिकल हिस्से में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एक्सेस 125 में पहले की तरह 125cc सिंगल-सिलेंडर इंजन और सुजुकी इको परफॉरमेंस (एसईपी) टेक्नोलॉजी मिलती है। यह इंजन 6,500 आरपीएम पर 8.42 पीएस की पावर और 5,000 आरपीएम पर 10.2 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है।
