तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में उस आदेश पर पुनर्विचार याचिका दायर की है, जिसमें कोर्ट ने 24 नवंबर को तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर दीपम जलाने की एक बार के लिए अनुमति दी थी। यह याचिका राज्य के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त ने दाखिल की है।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति दी थी। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, दीप जलाने के लिए सिर्फ मंदिर प्रशासन के अधिकृत लोग और सरकारी अधिकारी ही वहां जा सकेंगे और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। कोर्ट ने आम लोगों के वहां जाने पर रोक लगाई थी और दीप जलाने के दौरान जुलूस, भीड़ जुटाने, नारे लगाने या प्रदर्शन करने की भी अनुमति नहीं दी थी। कोर्ट ने फैसले के उन हिस्सों पर रोक लगा दी थी, जिनमें दीपथून पर दीप जलाने की पुरानी परंपरा को फिर से शुरू करने के निर्देश को मंजूरी दी गई थी।

दरअसल, तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर दीप जलाने की जगह को लेकर विवाद है। यहां हर साल कार्तिगई दीपम त्योहार मनाया जाता है। पहले पहाड़ी की नीचे की तरफ बने दीप मंडपम में दीप जलाया जाता था, लेकिन हिंदू श्रद्धालुओं का एक पक्ष मांग कर रहा है कि दीप पहाड़ी के ऊपर बने दीपथून पर जलाया जाए। यह जगह एक दरगाह के पास है और दरगाह पक्ष इस मांग का विरोध कर रहा है। उसका कहना है कि पहाड़ी का यह हिस्सा दरगाह की संपत्ति है। तमिलनाडु सरकार का कहना है कि दीप जलाने की परंपरा पहले से दीप मंडपम में ही होती रही है।

इस मामले में मद्रास हाईकोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। मदुरै से करीब 15 किमी दूर तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की तलहटी में भगवान मुरुगन का मंदिर है और शिखर पर सूफी संत सिकंदर बदुशा की दरगाह है।