पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को गठबंधन का ऐलान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि दोनों दल सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद अकाली दल को मिलेगा। उन्होंने इसे राष्ट्रीय और भावनात्मक समझौता बताया तथा कहा कि अकाली दल के वापस आने से एनडीए पूरा हो गया है।

गठबंधन के सबसे बड़े हिमायती माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ऐलान के वक्त चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद नहीं दिखे, जबकि तमाम बड़े चेहरे वहां मौजूद थे। अमरिंदर सिंह ने 2021 में कांग्रेस छोड़ी थी और 2022 में भाजपा जॉइन की थी। उनकी गैरमौजूदगी पर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं।

उनके पूर्व प्रेस सचिव विमल सम्बली ने भी इस पर सवाल उठाया है। उन्होंने गठबंधन के तुरंत बाद एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह हैरान करने वाला है कि जब भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, तब अमरिंदर सिंह भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन के कट्टर समर्थक थे, लेकिन ऐलान के वक्त वे मंच पर नहीं हैं।

इस बीच भाजपा और अमरिंदर सिंह के रिश्तों को लेकर अनुमानों का दौर तेज है। 10 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब लॉन्च के कार्यक्रम में अमरिंदर सिंह एकमात्र भाजपा नेता के तौर पर पहुंचे थे, जहां राहुल गांधी ने उनके बारे में बात की थी। अमरिंदर सिंह ने अपनी मौजूदगी को निजी बताते हुए इसे राजनीति से जोड़ने से इनकार किया था।