नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान चर्चा में आए विजेता दहिया ने दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है। दहिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए सिसोदिया के बागेश्वर बाबा यानी धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में जाने और पंजाब चुनाव में मान सरकार के लिए आशीर्वाद मांगने की आलोचना की। दहिया ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि उन्होंने पहले आम आदमी पार्टी का समर्थन किया था।

दहिया ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद मांगा, जो जात-पात खत्म करने के पक्ष में नहीं होने की बात कहते हैं और नफरत फैलाने तथा बुलडोजर चलाने की बात करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि पांच साल में कुछ काम नहीं किया गया क्या, जिसके कारण ऐसा करना पड़ रहा है।

विजेता दहिया ने कहा कि ऐसी जीत पर उन्हें कोई खुशी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह ऐसी जीत और ऐसी राजनीति पर थूकते हैं। दहिया ने यह भी कहा कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए थे और उम्मीद थी कि यह पार्टी कुछ अच्छा करेगी।

दहिया ने कहा कि मनीष सिसोदिया जैसे पढ़े-लिखे शख्स भी राजनीति के लिए अंधविश्वास का रास्ता अपना रहे हैं, ऐसे में उनमें और बाकियों में क्या अंतर रह गया है। बता दें कि विजेता दहिया कॉकरोच जनता पार्टी का हिस्सा रहे हैं और इन दिनों अपने राजनीतिक बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं।