महाराष्ट्र में शरद पवार के राजनीति से रिटायरमेंट की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि पवार आज भी पूरी तरह सक्रिय हैं और उनके रिटायर होने पर चर्चा करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सबकी इच्छा है कि पवार का स्वास्थ्य अच्छा रहे और उन्हें पूरा भरोसा है कि वे अपने पूरे जीवन में कभी रुकने वाले नहीं हैं।

इससे पहले राकांपा (शरद) की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने उन खबरों को सख्ती से खारिज किया था, जिनमें दावा किया गया था कि पार्टी प्रमुख शरद पवार राजनीति से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं। इन खबरों में कहा गया था कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि पार्टी का यह गुट भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो सके। सुले ने इन अटकलों को बेहद आपत्तिजनक बताया और कहा कि सार्वजनिक जीवन से कौन हटेगा, यह जनता तय करेगी, न कि अफवाहें फैलाने वाले।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक रिपोर्ट में अज्ञात सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि राकांपा (शरद) गुट के भीतर राजग में शामिल होने को लेकर चर्चा चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 12 दिसंबर को 86 साल के होने जा रहे पवार को राजनीति से पीछे हटने का सुझाव दिया गया था, ताकि वे अपने लंबे समय से चले आ रहे वैचारिक रुख के सीधे विरोध से बच सकें, जबकि सुप्रिया सुले और वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल जैसे नेता एनडीए के साथ जुड़ सकें। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने भाजपा नेतृत्व के साथ बातचीत की है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान खांसी, कफ और कमजोरी के कारण शरद पवार को पहले पुणे और फिर मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पवार को फोन करके उनका हालचाल पूछा और कहा था कि वे आराम करें। सुप्रिया सुले ने इन चर्चाओं का विरोध करते हुए कहा कि शरद पवार का राज्यसभा कार्यकाल अभी पांच साल का बचा है, ऐसे में वे रिटायर कैसे हो सकते हैं।