सरयू नदी के किनारे बसा अंबेडकरनगर पूर्वी उत्तर प्रदेश की उस सियासी प्रयोगशाला के रूप में जाना जाता है, जहां हर दशक में सत्ता के समीकरण करवट लेते रहे हैं। 29 सितंबर 1995 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने फैजाबाद से काटकर इस जिले की नींव रखी। इसके बाद 1996 के लोकसभा चुनाव में बसपा के घनश्याम चंद्र खरवार ने जीत दर्ज की, और खुद मायावती 1998, 1999 और 2004 में यहां से सांसद चुनी गईं। इस दौर में टांडा से लालजी वर्मा, अकबरपुर से राम अचल राजभर, कटेहरी से धर्मराज निषाद और आलापुर से त्रिभुवन दत्त जैसे चेहरे उभरे। 2007 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने जिले की सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल की।
2012 में समाजवादी पार्टी ने पांचों सीटें जीतकर बसपा का किला तोड़ा। 2014 के लोकसभा चुनाव में पहली बार भाजपा ने अंबेडकरनगर सीट जीती, और 2017 के विधानसभा चुनाव में टांडा से संजू देवी तथा आलापुर से अनीता कमल ने जीत दर्ज की, जबकि बसपा ने कटेहरी, अकबरपुर और जलालपुर में जीत हासिल की। 2022 से पहले लालजी वर्मा और राम अचल राजभर ने बसपा छोड़कर सपा का दामन थामा, जिसके बाद सपा ने फिर सभी पांच सीटों पर कब्जा जमाया और जिले की सियासत सपा बनाम भाजपा के ध्रुवीकरण में बदल गई।
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सांसद रितेश पांडे ने बसपा छोड़कर भाजपा जॉइन की, लेकिन सपा के लालजी वर्मा ने उन्हें बड़े अंतर से हराया। नवंबर 2024 में कटेहरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने धर्मराज निषाद के जरिए 34 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। फिलहाल जिले की पांच में से चार सीटों पर सपा और एक पर भाजपा का कब्जा है, जबकि बसपा अपनी खोई जमीन तलाश रही है।
जिले के कुल मतदाताओं में करीब 25 प्रतिशत दलित और 20 प्रतिशत मुस्लिम सबसे बड़े समूह हैं, लेकिन नतीजों की दिशा अति-पिछड़ी जातियों यानी निषाद, राजभर, कुर्मी, मौर्य और पाल की गोलबंदी तथा बसपा के बिखरते कोर वोट बैंक से तय होने की बात कही जा रही है। सपा के पास कुर्मी वोटों पर पकड़ रखने वाले लालजी वर्मा और राजभर समाज के चेहरे राम अचल राजभर हैं, जबकि कटेहरी उपचुनाव की हार और राकेश पांडे परिवार की भाजपा से नजदीकियां सपा के लिए जलालपुर और कटेहरी में चुनौती बनी हुई हैं।
