संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं, वहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने यूसीसी को राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था और धर्म से परे सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून की परिकल्पना की थी। शाह ने जोर देकर कहा कि कानून धर्म के आधार पर नहीं बनाए जाने चाहिए और हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी हर नागरिक को एक समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इसका खुलकर विरोध करती है।

गृह मंत्री ने संविधान को राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार बताया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि सत्ता जनता के जरिए हासिल होगी और उसका इस्तेमाल भी जनता के माध्यम से होगा, तथा सत्ता हासिल करने वालों के लिए संविधान के दायरे में रहकर शासन चलाने का रास्ता निर्धारित किया गया।

शाह ने कहा कि 26 नवंबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन देश को वह दिशा मिली जिसने आजाद भारत के शासन, लोकतंत्र और जन भागीदारी की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और सपनों का प्रतीक माना जाना चाहिए। उन्होंने 1857 से 1947 तक के स्वातंत्र्य संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों का दायित्व है।

गृह मंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हैं, उन्हें संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला किया गया। शाह ने कहा कि संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत भगवान श्री राम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाने वाले चित्रों से होती है।