अहमदाबाद में गुरुवार को 'संविधान गौरव दिन' के अवसर पर आयोजित एक नागरिक गोष्ठी में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश की आत्मा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'संविधान गौरव दिन' मनाने की शुरुआत करके संविधान के सम्मान और उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।

नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का एक अपरिपक्व व्यक्ति संविधान की लाल कवर वाली प्रति लेकर घूमता है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. आंबेडकर को संविधान सभा में चुने जाने से रोकने की कोशिशें की गईं, 1952 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने उनके खिलाफ उम्मीदवार उतारा और 1954 के भंडारा उपचुनाव में पंडित नेहरू ने उनके खिलाफ सक्रिय प्रचार किया। उन्होंने यह भी कहा कि आंबेडकर के निधन के बाद उनकी स्मृति में स्मारक बनाने का प्रस्ताव नेहरू सरकार ने स्वीकार नहीं किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास में संविधान का बार-बार अपमान और दुरुपयोग हुआ है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में 26, अलीपुर रोड पर राष्ट्रीय स्मारक का निर्माण किया गया, जिसका उद्घाटन 2018 में हुआ। उन्होंने बताया कि 1990 में वी पी सिंह की सरकार के दौरान, जिसे भाजपा का समर्थन प्राप्त था, आंबेडकर को 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक न्याय और नागरिकों की गरिमा का स्तंभ है। गुजरात बीजेपी अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कहा कि संविधान के प्रति सच्चा सम्मान तभी है जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को समान अवसर और गरिमापूर्ण जीवन मिले।