प्रतापगढ़: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर दी है। सूची में तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को कुंडा विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। राजा भैया लंबे समय से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और पार्टी ने एक बार फिर उन्हें इसी क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
बाबागंज विधानसभा सीट से विनोद सरोज को टिकट दिया गया है। वह वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं और पार्टी ने उन्हें दोबारा चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। वहीं विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार घोषित किया गया है। कुलदीप पटेल की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और कुर्मी पटेल समाज में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। इन नामों की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है।
राजा भैया 1993 से 2017 तक निर्दलीय चुनाव लड़ते रहे। 2018 में अपनी राजनीतिक पारी के 25 साल पूरे होने पर उन्होंने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया। वह कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। फिलहाल उनकी पार्टी के दो विधायक, एक एमएलसी, एक जिला पंचायत अध्यक्ष और 50 से ज्यादा प्रमुख हैं। यूपी विधानसभा में यह पार्टी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है, जबकि कांग्रेस और बसपा इससे पीछे हैं।
कुंडा को यूपी की हाईप्रोफाइल सीटों में गिना जाता है। 2011 की जनगणना के मुताबिक कुंडा की आबादी 9.10 लाख है, जो 2021 के आधार डेटा के अनुसार 11.28 लाख से अधिक हो सकती है। जातीय समीकरण की बात करें तो यहां अनुसूचित जातियों के 75 हजार, मुस्लिम 55 हजार, यादव 50 हजार, ब्राह्मण 40 हजार, क्षत्रिय 20 हजार, अन्य पिछड़ी जातियां 15 हजार और वैश्य 15 हजार मतदाता हैं। राजा भैया क्षत्रिय बिरादरी से आते हैं, जिसके यहां मात्र 20 हजार वोटर हैं। 2022 के चुनाव में लगातार सातवीं बार जीत दर्ज कर उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड कायम किया था।
