कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन जारी रहने की घोषणा की है। उन्होंने यह ऐलान सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा नेताओं के बीच चल रहे विवाद के बीच किया। गुरुवार को संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अहंकार छोड़ने और गठबंधन में तालमेल बनाकर चलने की नसीहत दी। खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराना है, इसलिए आपसी लड़ाई से बचना चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन भाजपा को हराने के लिए हुआ है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी और श्रीराम के नाम पर आने वाला चंदा चोरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार का गठबंधन वोट चोरी के लिए किया गया है। खरगे ने कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआइ का इस्तेमाल कर रही है और उसके खाते में 10 हजार करोड़ रुपये आ गए हैं। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला।

खरगे ने कहा कि डा. भीम राव आंबेडकर को कांग्रेस ने संविधान सभा में शामिल कराया था और संविधान के अनुसार सभी नागरिकों को वोट का अधिकार दिलाया था, जिसे भाजपा छीन रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हर मोर्चे पर भाजपा को घेरा है और भाजपा आज राहुल से डरती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के 400 पार के रथ को उत्तर प्रदेश के लोगों ने संविधान की रक्षा के लिए रोक दिया। 47 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि देश को डर नहीं भरोसा और बराबरी का सम्मान चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना', पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और बृज लाल खाबरी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। खरगे ने अपना भाषण इमरान मसूद से शुरू किया और उन्हीं पर समाप्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में तीन बार अजय राय की तारीफ की। खरगे के जाने के बाद आराधना मिश्रा के नेतृत्व में निकाले गए संविधान रक्षा मार्च को पुलिस ने पार्टी मुख्यालय से 100 मीटर दूरी पर रोक दिया। जिला प्रशासन की अनुमति के बिना मार्च निकालने को लेकर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी सहित तमाम नेताओं को हिरासत में ले लिया।