अमृतसर के जंडियाला गुरु स्थित जलाल उसमा गांव में सोमवार सुबह आवारा कुत्तों के हमले में आठ वर्षीय रंजीत सिंह की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और स्वजनों को सौंप दिया गया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग की है।

अमृतसर। जंडियाला गुरु के जलाल उसमा गांव में सोमवार सुबह आवारा कुत्तों ने आठ वर्षीय रंजीत सिंह को नोच-नोच कर मार डाला। परिवार के करीबी रिश्तेदार के अनुसार रंजीत घर से स्कूल जा रहा था, तभी रास्ते में आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया। बचने के लिए उसने पास के खाली पड़े मैदान में काफी दौड़ लगाई, लेकिन कुत्ते उसका पीछा करते रहे और उसे नोचने-काटने लगे। रंजीत के सिर और पैरों पर गहरे घाव थे तथा उसका दायां कान भी बुरी तरह नोचा गया था। मैदान में ही उसकी मौत हो गई।

रिश्तेदार ने बताया कि रंजीत अजीत सिंह का बेटा था और तीन बहनों का इकलौता भाई तथा परिवार में सबसे छोटा था। मैदान में खेल रहे बच्चों ने शव देखा और गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद उसे स्वजनों के हवाले कर दिया है।

घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पूरा गांव इस घटना से दुखी है और परिवार बेहद गरीब है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।