लखीसराय नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की सोमवार को सभापति अरविंद पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर से सटे बालगुदर, नीरपुर, गोविंदबीघा, कोरिया और दामोदरपुर मौजों को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया गया। यह प्रक्रिया सात अक्टूबर 2009 को तत्कालीन सभापति सीमा कुमारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पारित संकल्प के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी। बालगुदर मौजा थाना नंबर 134, नीरपुर 135, गोविंदबीघा 131, कोरिया 129 और दामोदरपुर मौजा थाना नंबर 89 के अंतर्गत आता है।
बैठक में नौ नवंबर की बैठक के निर्णयों का संपुष्टिकरण भी किया गया। विद्यापीठ चौक और बाइपास बस स्टैंड की बंदोबस्ती कराने का निर्णय लिया गया, जिसके लिए जल्द निविदा निकाली जाएगी। छठ घाटों पर कराए गए कार्यों के भुगतान को लेकर सभापति और उपसभापति शिवशंकर राम के बीच तीखी बहस हो गई। सभापति ने भुगतान का प्रस्ताव रखा, जबकि उपसभापति ने खर्च का ब्योरा मांगा। सभापति ने कार्यपालक पदाधिकारी से जानकारी लेने की बात कही, लेकिन उपसभापति ने आपत्ति जताई कि जब कार्यालय को खर्च की जानकारी ही नहीं है तो भुगतान की स्वीकृति कैसे दी जा सकती है। बहस तेज होने पर उपसभापति बैठक छोड़कर बाहर चले गए। बाद में सभापति ने भुगतान की स्वीकृति देते हुए बड़ा बाबू को पूरी जानकारी उपसभापति को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य सड़क, पचना रोड और चितरंजन रोड पर निर्मित फुटपाथ और नाले पर स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का मामला भी उठा। समिति ने फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्णय लिया, जिसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी से दंडाधिकारी और पुलिस बल उपलब्ध कराने को पत्राचार किया जाएगा। सभी वार्डों के पार्षदों से विकास योजनाओं की सूची लेने का निर्णय भी लिया गया, ताकि वार्ड स्तर पर योजनाओं का चयन किया जा सके। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में दूरसंचार नियम, 2024 के प्रविधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में समिति की सदस्य शबनम बानो, सुनैना देवी और सुरेंद्र मंडल मौजूद रहे।
