मुंबई के कुर्ला इलाके में एक सार्वजनिक उद्यान में युवक-युवती से कथित मारपीट के मामले में दो और नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ इस मामले में पकड़े गए लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है। अधिकारी के मुताबिक, दोनों लड़कों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिसंबर तक सुधार गृह भेज दिया गया। इससे पहले शनिवार को 12 से 15 साल की उम्र के छह अन्य नाबालिगों को हिरासत में लेकर चार दिसंबर तक उसी सुधार गृह में रखा गया था।
यह घटना कुर्ला पश्चिम में एक माल के पीछे स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में हुई थी। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर इसका वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। वीडियो में दिख रहा है कि नाबालिगों के एक समूह ने एक युवक और उसकी महिला मित्र को घेर लिया और उन पर डंडे से हमला किया, मुक्के और लातें मारीं तथा भागने की कोशिश करने पर उनका पीछा भी किया। पुलिस ने हमले में शामिल नाबालिगों की पहचान कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस घटना पर राजनीतिक विवाद भी छिड़ गया है। भाजपा नेता और राज्य के मंत्री नितेश राणे ने मदरसों पर आरोप लगाया कि वहां उचित शिक्षा नहीं दी जाती, बल्कि छात्रों को नफरत करना, मतांतरण कराना और हिंदुओं की हत्या करना सिखाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में यदि कोई हिंदुओं की तरफ बुरी नीयत से देखता है तो उसे शुक्रवार के दिन खड़े होने या बैठने में भी दिक्कत होगी। राणे ने कहा कि हिंदुओं को सतर्क रहना चाहिए, केवल हिंदुओं के साथ व्यापार करना चाहिए और अपने घर भी केवल अपने समुदाय के लोगों को ही बेचने चाहिए।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि अपराधियों को धार्मिक आधार पर बांटना या किसी एक व्यक्ति के अपराध के लिए पूरे समुदाय को निशाना बनाना समानता, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समुदाय का कोई व्यक्ति अपराध करता है तो उसे 'टाइम बम' कहा जाता है, जबकि किसी दूसरे समुदाय का व्यक्ति अपराध करे तो उसे 'फुलझड़ी' कहा जाता है। उन्होंने सवाल किया कि यह दोहरा मापदंड क्यों है, क्योंकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का कोई धर्म नहीं होता।
