हिमाचल प्रदेश के इंदौरा थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपित को बिहार के पूर्णिया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान 50 वर्षीय राम प्रसाद महतो निवासी दमदहा घाट, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपित पर 13 मार्च 2026 को सुमेर साहनी की हत्या करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद से आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच निकलने में कामयाब होता रहा। इसके बावजूद इंदौरा पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी।

आखिरकार एएसआई भागा राम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को बिहार भेजा गया। टीम ने जिला पूर्णिया स्थित आरोपित के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। कई महीनों से फरार चल रहे आरोपित की दूसरे राज्य से गिरफ्तारी को इंदौरा पुलिस की अहम कामयाबी माना जा रहा है।

पुलिस आरोपित के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।