दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते गया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल (एलटीटी) एक्सप्रेस दिसंबर में दो दिन नहीं चलेगी। रेलवे की जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 22358 गया-एलटीटी एक्सप्रेस 9 दिसंबर को रद्द रहेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 22357 एलटीटी-गया एक्सप्रेस 11 दिसंबर को नहीं चलेगी। यह ट्रेन कोडरमा, हजारीबाग टाउन और बरकाकाना होकर गुजरती है, इसलिए इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा हो सकती है।

शादी-विवाह का मौसम शुरू होने के बीच ट्रेन रद्द होने से यात्रियों के साथ वर-वधू पक्ष के परिवारों और रिश्तेदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने इस कार्य के कारण अलग-अलग तारीखों में कुल 20 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं, जबकि कुछ का आंशिक परिचालन किया जाएगा। रद्द होने वाली 20 ट्रेनों में दरभंगा-चर्लपल्ली, विशाखापत्तनम-बनारस और हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस भी शामिल हैं।

गाड़ी संख्या 22805 भुवनेश्वर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 12 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 22806 आनंद विहार टर्मिनल-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 14 और 21 दिसंबर को बदले हुए मार्ग से परिचालित होगी। गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस का भी आंशिक परिचालन होगा। गाड़ी संख्या 15028 का 30 नवंबर, 6 दिसंबर तथा 8 से 15 दिसंबर तक हटिया स्टेशन पर आंशिक समापन किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की परिचालन स्थिति जांचने की अपील की है। खास तौर पर 9 दिसंबर को गया से मुंबई और 11 दिसंबर को मुंबई से कोडरमा होकर गया जाने वाले यात्रियों को अपनी वैकल्पिक व्यवस्था पहले से कर लेने की सलाह दी गई है। कनेक्टिंग ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को दोनों ट्रेनों के समय और परिचालन की स्थिति की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।