दरभंगा के केवटी-रनवे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में करीब 35 लाख रुपये की लागत से बना 20 बेड का चाइल्ड केयर सेंटर निर्माण पूरा होने के ढाई साल बाद भी चालू नहीं हो सका है। भवन बनकर तैयार है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे शुरू करने की पहल नहीं की गई। इस वजह से क्षेत्र के नवजात और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को इलाज के लिए करीब 22 किलोमीटर दूर डीएमसीएच जाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, नौ मार्च 2024 को रिलायबल इंटरप्राइजेज कंपनी ने 20 बेड के प्रीफैब वार्ड का निर्माण शुरू किया था, जो करीब तीन महीने में आठ जून 2024 को पूरा हो गया। भवन में दो हॉल हैं, जिनमें से प्रत्येक में दस-दस बेड लगाने की व्यवस्था है। शौचालय, स्नानघर तथा चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए अलग-अलग केबिन भी बनाए गए हैं। बिजली और पानी की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है।
तैयार भवन का उपयोग बच्चों के उपचार के बजाय दूसरे कामों में हो रहा है। एक हॉल में फिलहाल सीएचसी की 102 एंबुलेंस के कर्मी रह रहे हैं और भवन के आसपास घास-फूस उग आए हैं। केंद्र में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कसीम अहमद फैजी पदस्थापित हैं, फिर भी सेंटर का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। सीएचसी में प्रतिवर्ष औसतन 2200 गर्भवती महिलाओं का प्रसव होता है, जिनमें कई नवजातों को जन्म के बाद विशेष देखभाल की जरूरत पड़ती है।
स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा न मिलने से गंभीर नवजातों के परिजन निजी अस्पतालों का सहारा लेते हैं। आरोप है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर बिचौलिए परिजनों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए बरगलाते हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ता है। सीएचसी में प्रतिदिन औसतन 150 मरीज उपचार के लिए आते हैं, जिनमें 20 से 25 बच्चे होते हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निर्मल कुमार लाल के अनुसार, अस्पताल भवन सीएचसी को सौंप दिया गया है, लेकिन इसे चालू कराने के लिए अब तक विभागीय दिशा-निर्देश नहीं मिला है। आवश्यक उपकरण और मशीनें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं तथा चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती भी नहीं हुई है।
