बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE), पटना की ओर से आयोजित मैट्रिक परीक्षा में नालंदा जिले की 35 जीविका दीदियों ने सफलता हासिल की है। इनमें 18 महिलाएं प्रथम श्रेणी और 17 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुई हैं। परवलपुर प्रखंड की पिंकी देवी ने 500 में से 398 अंक (79.6 प्रतिशत) प्राप्त कर जिला टॉपर का गौरव हासिल किया है।
बिहारशरीफ की निभा कुमारी 358 अंक (71.6 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बिहारशरीफ की ही अनार देवी ने 340 अंक (68 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। जिले में कुल 48 अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड दर्ज है, जिनमें 35 महिलाएं परीक्षा में शामिल हुई थीं और सभी ने सफलता पाई। 13 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकीं। प्रमुख सफल अभ्यर्थियों में सिलाव की एक दीदी ने 344 अंक और बिहारशरीफ की तनुजा कुमारी ने 339 अंक प्राप्त किए हैं।
बिहारशरीफ, परवलपुर, सिलाव, अस्थावां, हरनौत, राजगीर, गिरियक, नूरसराय, थरथरी और बेन प्रखंड की जीविका दीदियों ने भी सफलता का परचम लहराया है। बचपन में पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक तंगी समेत कई परिस्थितियों के कारण इन महिलाओं की पढ़ाई बीच में ही छूट गई थी। घर-परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने लंबे समय तक अपनी पढ़ाई के सपने को पीछे रखा।
जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें दोबारा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिला। इसके बाद उम्र की परवाह किए बिना उन्होंने पढ़ाई शुरू की और मैट्रिक की परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा साबित की। इनकी सफलता गांव और समाज की दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
