कैमूर के मोहनियां प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के 34 चयनित लाभुक अब भी योजना का लाभ नहीं पा सके हैं। इनमें 14 भूमिहीन लाभार्थी हैं, जिनके पास मकान बनाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है। शेष लाभुक भूमि विवाद या नीलाम पत्र वाद के कारण योजना से वंचित हैं।
प्रखंड कार्यालय के अनुसार वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक प्रखंड की 18 पंचायतों में कुल 5265 लाभुक चयनित हुए थे, जिनमें से 5216 ने पक्का मकान बना लिया है और वे अपने घरों में रह रहे हैं। तकनीकी कारणों से बाकी 34 लाभुक योजना का लाभ नहीं ले पाए। भूमिहीन लाभार्थियों को घर बनाने के लिए तीन-तीन डिसमिल जमीन खरीदकर दी जानी है, लेकिन मोहनियां प्रखंड में यह व्यवस्था अब तक पूरी नहीं हो सकी।
प्रखंड के अकोढ़ी मेला पंचायत में सबसे अधिक 411 लाभुकों ने पक्का मकान बनाया है। दूसरे स्थान पर मुजान पंचायत है, जहां 385 चयनित लाभुकों में से 379 ने निर्माण पूरा किया है। तीसरे स्थान पर कटरा कला पंचायत है, जहां 377 चयनित लाभुकों में से 375 का आवास पूर्ण हो चुका है। दादर पंचायत के 375 चयनित लाभुकों में 373 ने मकान बना लिया है।
बीडीओ मानेंद्र कुमार सिंह के अनुसार 14 भूमिहीन लाभार्थियों में से दो को जमीन का पर्चा दिया जा चुका है और शेष 12 के लिए भूमि की व्यवस्था की जा रही है। जो लाभार्थी सरकारी भूमि पर बसे हैं, उन्हें वही जमीन आवंटित कर पर्चा दिया जाएगा। जहां सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होगी, वहां के लाभुकों को सरकारी दर पर जमीन खरीदकर दी जाएगी।
