मंगलौर (हरिद्वार) की उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी ने किसानों को राहत देते हुए 12 से 19 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने के 18.75 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया है। यह धनराशि संबंधित गन्ना समितियों के जरिए किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने बताया कि प्रबंधन आगे भी समयबद्ध तरीके से गन्ना मूल्य का भुगतान करता रहेगा।
खंडेलवाल ने किसानों से अपील की है कि वे अपना समस्त गन्ना अपनी ही चीनी मिल को आपूर्ति करें, ताकि मिल अपने पेराई लक्ष्य को समय पर पूरा कर सके। उन्होंने किसानों से कहा कि समिति की ओर से एसएमएस मिलने के बाद ही गन्ने की छिलाई करें और मिल को केवल साफ, स्वच्छ व ताजा गन्ना ही भेजें।
मिल किसानों को सहफसली खेती के लिए भी प्रेरित कर रही है। खंडेलवाल के अनुसार, किसानों की मांग पर मिल ने आधुनिक एफआईआरबी मशीन मंगाई है, जो उनके लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। किसान मिल के गन्ना विभाग से संपर्क कर इसे बुक कर सकते हैं। इस विधि से किसान अभी खेत में गेहूं बो सकते हैं और उसी खेत में फरवरी में गन्ना लगा सकते हैं, जिससे गेहूं की पैदावार में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होती है।
गन्ना प्रजाति को-0238 में लग रहे लाल सड़न रोग को नियंत्रित करने के लिए मिल हर खेत तक ट्राइकोडर्मा अभियान चला रही है। इसके तहत मिल में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में ट्राइकोडर्मा उपलब्ध कराया गया है, ताकि फसल को रोगमुक्त रखा जा सके।
