अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र में प्रलोभन देकर सामूहिक मतांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के निवासी शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित रुपये, इलाज और बच्चों की पढ़ाई का भरोसा देकर अनुसूचित जाति के लोगों को हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे और चार राज्यों में अब तक 240 लोगों का मतांतरण करा चुके हैं।
अमेठी। जगदीशपुर के पालपुर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी अश्वनी पांडेय ने सोमवार को कमरौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग अनुसूचित जाति के महिलाओं और पुरुषों को प्रलोभन देकर सामूहिक रूप से मतांतरण कराने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और वांछित आरोपित राजकुमार के घर पर दबिश दी, जहां 20 से 25 लोग मौजूद मिले। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिंदुरवा रोड निवासी राजकुमार उर्फ जुऐल और सूर्यकला उर्फ मारथा, महाराष्ट्र के कल्याण निवासी श्रीनिवासन डेनियल और दिव्या डेनियल, मुंबई के अंबरनाथ निवासी रायल राड्रिक्स और रीता राड्रिक्स, उत्तराखंड के काशीपुर (उधमसिंह नगर) निवासी महिपाल सिंह बिंद उर्फ विलियम और एलविना बिलियम्स, ओडिशा के खुर्दा निवासी प्रकाश राव तथा आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के परवा इस्लाम निवासी कन्हैया बिंद उर्फ सैमसन के रूप में हुई है। मौके से मतांतरण से संबंधित चार पुस्तकें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रिवाइवल चर्च के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं और विभिन्न राज्यों की दलित बस्तियों को चिन्हित करते हैं। इसके बाद उन्हें रुपये, चिकित्सा और शिक्षा जैसी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस के अनुसार राजकुमार के माध्यम से पूर्व में भी कुछ लोगों का मतांतरण कराया जा चुका है। आरोपित देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर धर्म प्रचार और प्रवचन करते हैं तथा तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में उनकी सक्रियता सामने आई है। एसपी सरवणन टी के अनुसार मामले से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।
