सुप्रीम कोर्ट ने कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें उन्हें समय से पहले रिहा किया गया था। इस फैसले पर जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आनंद मोहन को जल्दी सरेंडर करना चाहिए।

तेज प्रताप यादव से जब मीडिया ने पूछा कि आनंद मोहन को एक महीने के अंदर सरेंडर करना है, तो उन्होंने कहा कि हां, तो काहे नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी क्रिमिनल लोगों को तो हो ही जाना चाहिए और अरेस्ट कर लेना चाहिए। सरकार अगर है और लॉ एंड ऑर्डर को अच्छे तरीके से चलाती है, तो ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जेल मैनुअल में यह भी बदलाव करना चाहिए कि जिन लोगों की क्रिमिनल छवि है और जिनके कारण बिहार बदनाम होता है, उन्हें जेल में आजीवन कारावास होना चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि सभी क्रिमिनल को सजा होनी चाहिए। अनंत सिंह की बेटी शिवांग की शादी में हुए खर्चे पर सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी में अपना खर्च किया, तो उसमें हम क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुत पैसा खर्च नहीं करना चाहिए था और यह गलत हुआ है। सरकार को संज्ञान लेना चाहिए कि इतना खर्चा कहां से हो रहा है। कम से कम ईडी और सीबीआई को लगाकर जांच बैठनी चाहिए कि इतना खर्चा कहां से हो रहा है।

ध्यान रहे कि पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन पर गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। इसके बाद बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव कर उन्हें तत्काल प्रभाव से रिहा कर दिया था, जिसे कृष्णैया की बेटी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया है और आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।