टोक्यो के शिबुया इलाके में भारतीय यूट्यूबर धैर्य शाह के साथ नस्लीय भेदभाव और बदसलूकी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर 'फाफडाभाई' नाम से वीडियो बनाने वाले धैर्य ने खुद इस घटना की जानकारी दी है। उनका आरोप है कि लाइव स्ट्रीम के दौरान कुछ जापानी युवकों ने न केवल नस्लीय टिप्पणियां कीं, बल्कि उनके कैमरा सेटअप पर थूक भी दिया।
धैर्य के मुताबिक, घटना के समय वह शिबुया की सड़कों पर घूमते हुए लाइव स्ट्रीम कर रहे थे और लोगों से अंग्रेजी में बातचीत करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कुछ जापानी लड़के वहां आए और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए बदतमीजी करने लगे। उन्होंने बताया कि विवाद के चलते उनकी स्ट्रीम बैन हो सकती थी, इसलिए उन्होंने खुद को शांत रखते हुए स्थिति को सम्मानजनक तरीके से संभालने की कोशिश की।
यूट्यूबर का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें लगा कि मामला शांत हो गया, क्योंकि वे लोग दूर चले गए थे। लेकिन थोड़ी देर बाद उनमें से एक व्यक्ति वापस आया और उनके ट्राइपॉड पर थूक दिया। धैर्य ने बताया कि शुरू में उन्हें पता ही नहीं चला कि क्या हुआ, बाद में उन्होंने देखा कि ट्राइपॉड पर थूका गया है।
धैर्य का कहना है कि उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस से की, लेकिन अपेक्षित मदद नहीं मिली। उनके अनुसार जापान पुलिस ने उस तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी, जैसी एक विदेशी की शिकायत पर होनी चाहिए थी। गौरतलब है कि कुछ महीनों के भीतर जापान में भारतीयों के साथ इस तरह की यह दूसरी घटना है। इसी साल अगस्त में कंटेंट क्रिएटर अनंत ने सोशल मीडिया पर बताया था कि शिजूओका प्रांत के एक स्टोर में उन्हें नस्लभेद और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।
