रायपुर: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। राज्य के सभी 33 जिलों में किसान उपार्जन केंद्रों पर धान बेचने पहुंच रहे हैं। 26 नवंबर तक प्रदेश में 1 लाख 11 हजार 629 किसानों से 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। खरीदे गए धान का समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपए है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 87 हजार 242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपए का भुगतान जारी किया जा चुका है।

इस वर्ष धान विक्रय के लिए प्रदेश में 28 लाख 6,802 किसानों का पंजीयन हुआ है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए प्रदेशभर में 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्रों में किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और खरीदी से भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रूप से चले। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने पर्याप्त बारदाना, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था, धान के सुरक्षित भंडारण तथा टोकन और तौल व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 2 लाख 85 हजार 526.72 मीट्रिक टन मोटा धान, 1 लाख 15 हजार 672.84 मीट्रिक टन पतला धान और 42 हजार 688.20 मीट्रिक टन सरना धान की खरीदी हुई है। सर्वाधिक खरीदी राजनांदगांव जिले में 43,394.64 मीट्रिक टन हुई है।

सबसे कम खरीदी सुकमा जिले में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक नारायणपुर में 111.36 मीट्रिक टन, बीजापुर में 96.12 मीट्रिक टन, दंतेवाड़ा में 4.72 मीट्रिक टन तथा सुकमा में 2.24 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है।