उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को अब कुछ ही महीने बाकी हैं और सभी दलों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस बीच डासना जेल से हुई समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की रिहाई ने चुनावी सियासत को दिलचस्प बना दिया है। एक ताजा इंटरव्यू में आजम खान ने खुद को लेकर तंज कसते हुए कहा कि मेरी कोई कीमत तो लगे, कुछ मिल रहा नहीं है और बाजार में बिक जाऊं।

एक इंटरव्यू में आजम खान से यह सवाल पूछा गया कि एक थ्योरी चल रही है कि उन्हें चुनाव के लिए रिहा करवाया गया है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं तो यह वादा लेना चाहूंगा कि मुझे अब फिर से जेल न भेजें। भाजपा पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे जो चाहते हैं, वैसा करके दिखाऊंगा, लेकिन कुछ इनाम भी तो मिले।

पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि प्याला उनके हाथ में दे दिया जाए, लेकिन उसमें कोई सिक्का भी न डाला जाए तो वह उसे फेंक देंगे। उन्होंने कहा कि वह गली में रह रहे हैं, जेनरेटर भी नहीं है, इसलिए उनके लिए भी कुछ किया जाए। उन्होंने हैदराबाद का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके लिए भी वैसा महल बनवाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पैसों के बाजार में कोई सामान नहीं खरीदा जा सकता।

सोशल मीडिया पर आजम खान की रिहाई की काफी चर्चा है और कई लोग मानते हैं कि यह रिहाई जानबूझकर करवाई गई, ताकि भाजपा को इससे फायदा हो सके। वहीं ओवैसी के यूपी चुनाव में एंट्री पर आजम खान ने कहा कि उनकी पार्टी के चार-पांच विधायक जीता करते थे और वे चार विधायक होकर चार सौ सीटों पर चुनाव लड़ने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे फौलाद से बने हुए हैं और शेर हैं। अब्दुल अल्लाह के नाम पर उन्होंने कहा कि अब्दुल से दरी उठाने की बात करने वाले हर इंसान पर लानत हो, क्योंकि अब्दुल अल्लाह का नाम है।