तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम त्योहार को लेकर विवाद बढ़ गया है। भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने टीवीके सरकार पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मामला सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें 24 नवंबर को मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप स्तंभ पर दीपक जलाने की एक बार के लिए अंतरिम अनुमति दी गई थी। सरकार ने इस आदेश पर पुनर्विचार याचिका दायर की है।
भाजपा नेता ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि जब दीप स्तंभ पर दीया जलाने की अनुमति दी गई है, तो सरकार इतनी परेशान क्यों हो रही है। उन्होंने सरकार के रुख की कड़ी निंदा की और कहा कि जब अन्य संगठन अदालत के आदेश का सम्मान करते हुए संयम बरत रहे हैं, तब सरकार पुनर्विचार याचिका दायर करने में इतनी जल्दी क्यों कर रही है।
नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि सरकार वोट बैंक की राजनीति के लिए निम्न स्तर तक जा रही है और मुरुगन भक्तों के पूजा अधिकारों को छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार अदालतों में याचिका दायर करने पर सरकारी वकीलों पर खर्च होने वाला पैसा करदाताओं का है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जोसेफ विजय की सरकार सभी के लिए शासन का दावा करती है, लेकिन वह हिंदू विरोधी है। उन्होंने कहा कि मुरुगन भक्त जल्द ही इस सरकार को सबक सिखाएंगे।
