नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पोस्टर फाड़ने और अपशब्दों के इस्तेमाल के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। कार्यक्रम के बाद दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे हाथों में राजद का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए और लालू प्रसाद यादव तथा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाने लगे। इसी दौरान कुछ युवाओं ने सेतु पर लगे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। कुछ बच्चों द्वारा अपशब्दों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
मौके पर मौजूद युवाओं ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया। वीडियो प्रसारित होने के बाद कुछ युवा उस पर रंगदारी वाला गाना लगाकर रील बना रहे हैं, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले मार्ग पर सैकड़ों पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के तुरंत बाद पोस्टर फाड़े जाने की घटना सामने आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में पोस्टर फाड़े गए, और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।
