कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों संगठनों को भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है। एक्स पर अपनी पोस्ट में उन्होंने भाजपा और संघ के लिए असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कांग्रेस और बीजेपी के बीच अलग-अलग मुद्दों पर लगातार राजनीतिक बयानबाजी चल रही है।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के साथ महाराष्ट्र की एलीफेंटा गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती को एक ही स्वरूप में दिखाया गया है। कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'अर्धनारीश्वर- शिव और पार्वती का एक स्वरूप, एलीफेंटा गुफाएं।' उन्होंने कहा कि भारतीय धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं की गहराई में जाने पर यह और स्पष्ट होता जा रहा है कि BJP-RSS को इन परंपराओं की कोई समझ नहीं है। उन्होंने दोनों संगठनों पर जातिवादी और पुरुषवादी सोच रखने का भी आरोप लगाया।

इससे पहले एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों को लेकर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया कि इन संगठनों के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे जाहिर करने से रोकता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे इन लोगों को इस जाल से बाहर निकालने में मदद करें। पोस्ट के अंत में उन्होंने सत्यम शिवम सुंदरम लिखा।

इससे एक दिन पहले शनिवार को भी राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। FICCI के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री के भाषण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि टैक्स में कटौती के बावजूद वेतन और रोजगार में बढ़ोतरी न होने का सवाल सरकार की जिम्मेदारी से जुड़ा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों ने कुछ कंपनियों के एकाधिकार को बढ़ावा दिया है और MSME जैसे रोजगार देने वाले क्षेत्रों को कमजोर किया है।