अंबेडकरनगर में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। ग्राउंड रिपोर्ट में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं, किसानों, बुनकरों और व्यापारियों से बातचीत में कई बड़े मुद्दे सामने आए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में जिले की सभी पांचों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जबकि कटेहरी सीट के उपचुनाव में भाजपा ने 33 साल बाद जीत हासिल की थी।
स्थानीय मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग मानता है कि ओबीसी और मुस्लिम वोटों के मजबूत समीकरण तथा राम अचल राजभर और राममूर्ति वर्मा जैसे नेताओं की जमीनी पकड़ के कारण सपा अभी भी मजबूत स्थिति में है। वहीं, कुछ लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सपा विधायक विपक्ष में होने की बात कहकर क्षेत्र के काम टाल देते हैं। भाजपा समर्थकों और व्यापारियों का कहना है कि योगी सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और सड़कों का जाल बिछा है। मुफ्त राशन, पेंशन और आवास जैसी योजनाओं को भी लोग भाजपा के पक्ष में बड़ा कारण मान रहे हैं, हालांकि उनका यह भी मानना है कि पार्टी को मजबूत और सही स्थानीय प्रत्याशियों को टिकट देना होगा।
बुनकर बाहुल्य क्षेत्र टांडा में बिजली का फ्लैट रेट सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है। स्थानीय बुनकरों का कहना है कि बढ़ी हुई बिजली दरों से उनका कारोबार संकट में है। किसानों का कहना है कि खाद और किसान सम्मान निधि का लाभ समय पर मिल रहा है, लेकिन बेमौसम बारिश से फसल बर्बादी और फसल बीमा का मुआवजा न मिलना बड़ी समस्या है। कई ग्रामीणों ने प्रधानों और बिचौलियों के भ्रष्टाचार के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक न पहुंचने की शिकायत की। गांवों में कई परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर न मिलने से नाराज मिले।
स्थानीय लोगों ने अकबरपुर में एयरपोर्ट बनाने, टांडा रोड की नहर का निर्माण पूरा करने और शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग भी उठाई। चुनावी चर्चाओं में छोटे दलों और गठबंधनों के असर पर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ का मानना है कि असदुद्दीन ओवैसी के चुनाव मैदान में उतरने और सपा द्वारा मुस्लिम प्रत्याशी न उतारे जाने की नाराजगी से सपा के वोट बैंक में सेंध लग सकती है, जबकि मुस्लिम समाज के कई लोगों का कहना है कि मतदाता भाजपा को हराने के लिए एकजुट होकर सपा को वोट देंगे। ओम प्रकाश राजभर के भाजपा के साथ जाने के असर पर भी लोगों में एकमत नहीं है।
