मुख्य विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने गठबंधन को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। पार्टी का कहना है कि 'इंडिया' गठबंधन केंद्र के स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय के उद्देश्य से बनाया गया था, जबकि अलग-अलग राज्यों में राजनीतिक फैसले वहां की परिस्थितियों के अनुसार लिए जाएंगे।

सीताराम येचुरी फाउंडेशन के एक कार्यक्रम के बाहर पार्टी महासचिव एम ए बेबी ने कहा कि भाजपा को नियंत्रित करने वाली फासीवादी प्रवृत्तियों वाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) इस खतरे का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 'इंडिया' गठबंधन बनाया गया था और माकपा इसका हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हर राज्य की परिस्थितियां अलग होती हैं और फैसले उसी के अनुसार लिए जाते हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक ममता बनर्जी की भाजपा विरोधी सभी ताकतों को एकजुट होने की अपील से जुड़े सवाल पर बेबी ने कहा कि इस पर पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई फैसला लेगी।

पार्टी के नेता मोहम्मद सलीम ने भी ममता बनर्जी की पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना पर सतर्क रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बातचीत करना स्वीकार्य है, लेकिन इंसान को अपने दोस्तों और दुश्मनों की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की रणनीति धीरे-धीरे तैयार की जाती है।

पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर सलीम ने आरोप लगाया कि दक्षिणपंथी ताकतें ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ मिलकर बंगाल में लेफ्ट फ्रंट को हराना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि आज ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस खुद पतन की ओर बढ़ चुकी हैं और भाजपा ने आकर वही भ्रष्टाचार जारी रखा है। उनके मुताबिक लोग अब इस स्थिति का अंत चाहते हैं, इसलिए वे वामपंथियों की ओर देख रहे हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया था, लेकिन उसके बाद महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में गठबंधन सहयोगियों को सत्ता से हाथ धोना पड़ा। फिलहाल पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश से अखिलेश यादव, बिहार से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर से अब्दुल्ला, महाराष्ट्र से एनसीपी शरद गुट और उद्धव सेना समेत कई पार्टियां गठबंधन में शामिल हैं।