उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव तय समय पर ही होंगे, लेकिन संकेतों के मुताबिक इस बार चुनाव आयोग तारीखों का एलान थोड़ा आगे कर सकता है। सूत्रों के अनुसार घोषणा 15 जनवरी के आसपास हो सकती है और मतदान 22 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना है। 2022 में इन पांचों राज्यों के चुनाव का एलान आठ जनवरी को हुआ था।

चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन अभी उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा पूरा नहीं हुआ है। इसे 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू होगा, जिसमें करीब एक महीने का समय लगने का अनुमान है। आयोग सभी राज्यों में अपना दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव का एलान करता है।

चुनाव कार्यक्रम तैयार करते समय बोर्ड परीक्षाओं और प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। माघ मेला 14 जनवरी से नौ मार्च तक रहेगा, जबकि कल्पवासी माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक ही रहते हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।

सूत्रों के मुताबिक इन पांच राज्यों में मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। गोवा में यह 14 मार्च, पंजाब में 16 मार्च, उत्तराखंड में 28 मार्च और उत्तर प्रदेश में 22 मई 2027 तक है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए मतदान 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराया जा सकता है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्यों में एक चरण में चुनाव होने की संभावना है, जबकि यूपी में तीन से चार चरणों की तैयारी है।