आजमगढ़ के फूलपुर क्षेत्र में तमसा-मंजूषा संगम पर स्थित दुर्वासा धाम पर तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मेला क्षेत्र में दूर-दराज से आए व्यापारियों की दुकानें और झूले लगने शुरू हो गए हैं। सोमवार को बटोर और मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद है।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पांडेय और एसडीएम निजामाबाद अयान जैन ने मेले की तैयारियों को लेकर बैठक की और जरूरी निर्देश दिए। मेला समिति में निजामाबाद और फूलपुर के तहसीलदार, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक तथा स्थानीय समितियों के लोग शामिल हैं। मेले से मिलने वाले राजस्व को मंदिर के विकास के लिए अलग खाते में रखा जाएगा। मेले में अमीन, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल की तैनाती के साथ डॉक्टरों की टीम भी लगाई जाएगी। दुकानें सड़क से एक मीटर की दूरी पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार मेला क्षेत्र में भारी वाहनों को दो किलोमीटर पहले रोका जाएगा और छोटे वाहनों की पार्किंग मेले के बाहर की जाएगी। सभी आने वाले मार्गों पर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। पीएसी और महिला पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा मेला क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है।
अधिकारियों ने मेले के दौरान आने वाली छोटी-बड़ी समस्याओं की जानकारी ली और क्षेत्रीय लोगों से सुझाव मांगे। क्षेत्रवासियों ने शांतिपूर्वक मेला संपन्न कराने के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
