गंगा की रेती पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला रुहेलखंड का मिनी कुंभ कहा जाने वाला ककोड़ा मेला सदियों से तंबुओं के शहर के रूप में विख्यात है। अतीत में साधु-संतों के कल्पवास, रुहेला सरदारों, जमींदारों और दूर-दराज के व्यापारियों के ठहरने से इस अस्थायी बसावट की शुरुआत हुई। बांस, बल्लियों और मोटी कनात से बने शिविरों की यह परंपरा आज भी गंगा किनारे की लोक संस्कृति और ग्रामीण स्थापत्य कला की जीवंत विरासत संजोए हुए है।
इतिहास के पन्नों में ककोड़ा मेले की जड़ें गंगा के बदलते प्रवाह और प्राचीन परंपराओं से जुड़ी बताई जाती हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और पुण्य के लिए आने वाले संत-महात्मा महीनों तक रेती पर कुटिया या तंबू बनाकर कल्पवास करते थे। समय के साथ जब यह धार्मिक समागम विशाल व्यापारिक केंद्र में बदला, तो बदायूं, रामपुर, बरेली और आसपास के इलाकों से रुहेला शासक, जमींदार तथा बड़े सौदागर यहां पहुंचने लगे। पक्के निर्माण के अभाव और नदी के कटाव के चलते अस्थायी मगर आलीशान कनात शिविर बनाने की कला परवान चढ़ी।
जानकारों के अनुसार, स्थानीय कारीगर बिना किसी आधुनिक मशीन के बांस-बल्लियों के मजबूत ढांचे पर मोटी कनात तानकर कई कमरों और ऊपरी मचान वाले शिविर खड़े कर देते थे। इन शाही डेरों के भीतर आंगन, स्वागत कक्ष और अलग रसोईघर तक बनाए जाते थे, जिन्हें रंग-बिरंगी झालरों व लोक चित्रकारी से सजाया जाता था। व्यापारियों के लिए ये तंबू आवास के साथ-साथ गोदाम और बैठक का काम भी करते थे। कारीगर हवा के रुख और रेती की नमी को ध्यान में रखकर शिविर तैयार करते थे, जो दिन में शीतलता और रात में सुरक्षा देते थे।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान से शुरू हुई ककोड़ा की यात्रा धीरे-धीरे रुहेलखंड के बड़े व्यावसायिक मेले में बदल गई। पशुओं, घरेलू सामान और अनाज के कारोबार के लिए आने वाले व्यापारी महीनों यहीं डेरा डालते थे। इसी मेल-जोल ने मेले को मिनी कुंभ की पहचान दी और तंबुओं की परंपरा को स्थायी रूप मिला। बदलते दौर के साथ भले ही तंबुओं के स्वरूप में आधुनिकता आई हो, लेकिन गंगा तट पर बसने वाली यह तंबुओं की नगरी आज भी आस्था, व्यापार और लोक कला का संगम बनी हुई है।
