जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवगुलामगंज में यू-टर्न के पास रविवार सुबह दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑडी कार में सवार दूल्हा-दुल्हन एयरबैग समय पर खुल जाने से बच गए, जबकि दूल्हे के छोटे भाई को मामूली चोटें आईं।
अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र के ग्राम खिहारन बारुन निवासी कुलदीप मिश्र के पुत्र का शनिवार को वाराणसी में विवाह हुआ था। विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन और सहबाला कार से अयोध्या लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, कार शिवगुलामगंज में यू-टर्न के पास पहुंची तो गलत दिशा से आ रही अर्टिगा कार का चालक अचानक यू-टर्न लेने लगा, जिससे दोनों कारों में टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद अनियंत्रित अर्टिगा कार डिवाइडर पर चढ़ गई। ऑडी कार में लगा एयरबैग हादसे के तुरंत बाद खुल गया, जिससे दूल्हा और दुल्हन सुरक्षित रहे। बुरी तरह क्षतिग्रस्त दोनों कारों को पुलिस ने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि कार में सवार लोग दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
