सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में तैनात जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-4 अनिल कुमार पर सोमवार को कड़ी टिप्पणी की। शीर्ष अदालत ने कहा कि जज अपने आप को बाहुबली समझना बंद करें। यह टिप्पणी उस मामले में की गई, जिसमें जज ने तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को दोषी ठहराया था।

मामले की सुनवाई सीजेआई सूर्य कांत तथा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी मोहना की बेंच कर रही थी। बेंच ने जज के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी कानून की समझ निराशाजनक है। बेंच ने कहा कि उन्हें पहले सेक्शन 384 बीएनएसएस और सेक्शन 345 सीआरपीसी की सीमा और दायरे को समझना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि अगर कोई किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत का अपमान करता है या निर्देश दिए जाने पर अदालत छोड़ने से इंकार करता है, तो यह अदालत के सामने किया गया अपराध है। लेकिन अगर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने पर उसका पालन नहीं होता, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जाता।

जस्टिस बागची ने कहा कि जज ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए एसपी को बुलाया और उसी दिन उन पर दोषारोपण कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जज ने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उनकी गैर-इरादतन अनुपस्थिति को अदालत के सामने किया गया अपराध मानकर उन्हें दोषी ठहराया और सजा दी, तब क्या वे अपने क्षेत्र और अधिकार क्षेत्र में थे। उन्होंने कहा कि इतना एडवेंचर ठीक नहीं है।

शीर्ष अदालत ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को प्रशिक्षण के लिए नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी भेजा जाना चाहिए। सीजेआई ने मौखिक रूप से कहा कि अपने क्लाइंट से कहिए कि न्यायिक शक्तियां इस्तेमाल करते समय बाहुबली जैसा व्यवहार करना बंद करें।