बड़वानी जिले में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश के दौरान गोली चलाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आछली गांव के साईं सिंह सोलंकी, शिवराज बर्डे और अजय सेनानी तथा वरला थाना क्षेत्र के राजनगांव निवासी नीलेश सेनानी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक तीन आरोपियों ने अपने निजी शौक और खर्च पूरे करने के लिए लूट की योजना बनाई थी, जबकि नीलेश पर दोनों देसी पिस्तौल उपलब्ध कराने का आरोप है। आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिनकी कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

घटना 20 नवंबर की है। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में एबी रोड पर ग्राम गवाड़ी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर तीन युवक मोटरसाइकिल से लूट के इरादे से पहुंचे थे। एसपी के अनुसार आरोपी पंप से भलीभांति परिचित थे और अक्सर वहां आते-जाते थे। उन्होंने घटना से दो दिन पहले रेकी कर योजना बनाई थी। वारदात वाले दिन आरोपी चेहरे ढंककर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बहाने पंप पर पहुंचे। बाहर मौजूद कर्मचारी को ढंके चेहरे देखकर शक हुआ और उसने साथी को सतर्क कर केबिन का दरवाजा बंद करने को कहा। दरवाजा बंद होते ही आरोपियों ने एक फायर हवा में और दूसरा केबिन के दरवाजे पर किया और बिना कुछ लूटे भाग निकले।

अपर पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे की निगरानी में तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों पर नजर रखी, पूर्व अपराधियों के रिकॉर्ड की जांच की और साइबर तकनीकी मदद से हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों पिस्तौल उन्होंने नीलेश सेनानी से खरीदी थीं। नीलेश ने बताया कि उसने हथियार किसी अज्ञात व्यक्ति से हासिल किए थे। पुलिस अब उस सप्लायर और अन्य संभावित साथियों की तलाश कर रही है। बिजासन पुलिस चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी एक होटल में मौज-मस्ती करते नजर आए थे और उनका हुलिया पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बताए विवरण से मेल खाता था।

आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि जांच में पेट्रोल पंप पर सुरक्षा संबंधी कई खामियां मिली हैं। पंप प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है, साथ ही संबंधित ईंधन कंपनी और जिला कलेक्टर को भी कमियों की जानकारी दी गई है।