बागपत के मरका थाना क्षेत्र के बैरफ गांव के मजरा बरगदहा डेरा में रहने वाले 46 वर्षीय मजदूर गंगाचरन निषाद ने गुरुवार शाम अपने घर के कमरे में छप्पर की धन्नी से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय कमरे में उसके दो दिव्यांग भाई मौजूद थे, जो शारीरिक लाचारी के कारण उसे बचाने में असमर्थ रहे। एक भाई दोनों आंखों से दिव्यांग है, जबकि दूसरा पैरों से चलने में असमर्थ है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि गंगाचरन की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी और ससुराल लौटकर नहीं आ रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष सूबेदार बिंद ने बताया कि पत्नी के मायके में रहने की पीड़ा के चलते उसने भाइयों के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंगाचरन मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था और दोनों दिव्यांग भाइयों की जिम्मेदारी उसी पर थी। वह खुद हाथ से खाना बनाकर भाइयों को खिलाता था। उसकी मौत के बाद दोनों भाई बेसहारा हो गए हैं और उन्हें दो वक्त की रोटी की चिंता सता रही है। भाई को खोने के गम और भविष्य की चिंता से दोनों टूट गए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी दोनों भाइयों की बेबसी देखकर नम हो गईं।
