गुना जिले में शनिवार दोपहर लटेरी-सुठालिया रोड पर नलखेड़ा गांव की पुलिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में भगवान सिंह सिलावट और धर्मेंद्र नायक शामिल हैं, जो सिरोंज के निवासी थे। दूसरी बाइक पर सवार महेश पुत्र शंभू चौरसिया और बृजेश यादव मधुसूदनगढ़ के रहने वाले थे। बताया गया है कि सिरोंज निवासी दोनों युवक काम के सिलसिले में सुठालिया की ओर जा रहे थे, जबकि मधुसूदनगढ़ निवासी दोनों युवक सिरोंज जा रहे थे। इसी दौरान नलखेड़ा पुलिया पर दोनों मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में शामिल बाइकों के नंबर MP 08 MW 4476 और MP 40 ZH 9085 बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिया के पास भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुसूदनगढ़ अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी गोपाल चौबे ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ बताया गया है।
