लखनऊ में जिला कचहरी के आसपास अतिक्रमण कर बनाए गए वकीलों के अवैध चैंबरों पर रविवार सुबह से फिर नगर निगम का बुलडोजर चलेगा। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नगर निगम की टीम सर्वे में चिह्नित बची हुई 106 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करेगी। नगर निगम जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि सर्वे के दौरान चिह्नित अवैध निर्माणों में अभी 106 संपत्तियां शेष बची हैं, जिन्हें रविवार को हटाया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल, नगर निगम का प्रवर्तन दल और फायर फाइटर्स की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।
इससे पहले 25 अक्टूबर को भी नगर निगम ने लखनऊ जिला कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के चैंबरों पर बुलडोजर चलाया था। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चली उस कार्रवाई में 100 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए थे। उस दौरान वकीलों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। विरोध के बीच पहले अधिवक्ता सड़क पर बोरी बिछाकर बैठे थे और फिर नारेबाजी करते हुए उग्र हो गए थे। गुस्साए वकील ध्वस्तीकरण में लगे एक बुलडोजर को रोककर उसके ऊपर चढ़ गए थे और पहियों के सामने लेट गए थे, जबकि कई महिला वकील कार्रवाई के दौरान रोने लगी थीं।
इस ध्वस्तीकरण अभियान के खिलाफ अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। इससे पूर्व मई से अगस्त महीने के बीच दो अलग-अलग चरणों में 72 अवैध चैंबर तोड़े जा चुके हैं। नगर निगम की ओर से वकीलों को नोटिस जारी करने के बाद प्राप्त हुई 14 आपत्तियों का समाधान भी कर दिया गया था। पूर्व में यह कार्रवाई 11 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन आपत्तियों के निस्तारण और न्यायालय में अपील लंबित होने के कारण इसे टाल दिया गया था, जिसे अब रविवार सुबह से फिर अंजाम दिया जाएगा।
