बेंगलुरु : जापान के तीन दिवसीय दौरे से लौटे मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु में यात्रा के परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जापान से शहरी नियोजन, मैन्युफैक्चरिंग, सार्वजनिक परिवहन और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में बहुत कुछ सीखा जा सकता है। राज्य सरकार अधिकारियों के साथ चर्चा करके तय करेगी कि जापान की किन व्यवस्थाओं को कर्नाटक में लागू किया जा सकता है।
शिवकुमार ने ओसाका में कचरा प्रबंधन और उससे बिजली बनाने वाले संयंत्र का दौरा किया। उनके अनुसार वहां एक ऐसा प्लांट दिखाया गया जो प्रतिदिन कचरे को प्रोसेस करके बिजली पैदा करता है। सरकार ने संबंधित प्रतिनिधियों को कर्नाटक में भी इसी तरह की परियोजना स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के लिए आमंत्रित किया है। ऐसे प्लांट बेंगलुरु के अलावा मैसूरु और हुबली-धारवाड़ जैसे शहरों में भी लगाए जा सकते हैं, जिससे लैंडफिल पर दबाव कम होगा। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार की सहायता लेने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने जापान की मेट्रो और रेलवे व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि वहां स्टेशनों को केवल यात्रियों के आने-जाने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यवस्थित व्यावसायिक केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है। स्टेशनों के आसपास और ऊपर होटल, ऑफिस, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं और सार्वजनिक परिवहन को अतिरिक्त आमदनी भी होती है। उन्होंने कहा कि यहां भी ऐसा किया जाएगा। उन्होंने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत तुमकुरु तक मेट्रो का विस्तार करने के प्रस्ताव पर भी बात की। फिलहाल कर्नाटक में सिर्फ बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो चलती है, जिसका कुल नेटवर्क 100 किलोमीटर लंबा है।
शिवकुमार ने बताया कि दौरे में कई कंपनियों से निवेश को लेकर बातचीत हुई। कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज के साथ हरहोली में 600 तकनीकी नौकरियां पैदा करने को लेकर समझौता हुआ है, जिसके तहत कंपनी स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी। कंपनी ने कर्नाटक में अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का विस्तार करने में रुचि दिखाई है और राज्य सरकार ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि डीके शिवकुमार तीन जून को मुख्यमंत्री बने थे और वह तीन दिसंबर को छह महीने पूरे करेंगे।
