बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव में शुक्रवार रात करीब दस बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बहू को उसके प्रेमी के साथ देखकर भड़के ससुर ने दोनों पर लोहे की सांग से हमला कर दिया, जिसमें प्रेमी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले को पारिवारिक विवाद बताया है।

जानकारी के अनुसार, चौसड़ गांव निवासी विद्या (42) के पति कल्लू वर्मा की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद उसका पड़ोसी राममनोहर (45) से प्रेम संबंध हो गया। बताया जाता है कि करीब एक साल पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे। इस बीच राममनोहर की पत्नी सावित्री अपने बच्चों के साथ हरियाणा में मजदूरी करने चली गई थी। करीब दस दिन पहले राममनोहर और विद्या गांव लौट आए और राममनोहर के घर में साथ रहने लगे।

शुक्रवार रात करीब दस बजे विद्या का ससुर राजकरण वहां पहुंचा। दोनों को साथ देखकर वह आपा खो बैठा और लोहे की सांग से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राममनोहर की मौत हो गई, जबकि विद्या लहूलुहान होकर गिर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सीएचसी अतर्रा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकरण को गिरफ्तार कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता ने शनिवार को बताया कि 27 नवंबर की रात चौसड़ गांव में दो पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो राममनोहर की मौत हो चुकी थी और विद्या गंभीर रूप से घायल थी। मृतक का पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर बिसंडा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।